
आर पी डब्लू न्यूज़/ब्यूरो रिपोर्ट

लखनऊ, जनवरी 10:-उत्तर प्रदेश सरकार काफी समय से ही शहरी क्षेत्रों को वैश्विक मानक तक लाने का प्रयास कर रही है। शहर की सुविधाओं में सुधार, साफ-सफाई और शहरों के सौंदर्य के साथ कचरा निपटान पर भी ध्यान दिया जा रहा है। वैश्विक मानक तक पहुंचने की इस दौड़ को गति देने के लिए सरकार द्वारा ग्लोबल इन्वेस्टमेंट और G20 से पहले यूपी ग्लोबल सिटी अभियान लांच किया गया है। यह अभियान 100 दिन तक चलेगा।
अभियान का महत्व
शहर के वैश्विक स्तरीय विकास और सुधार के लिए यूपी ग्लोबल सिटी अभियान आज के शहरी विकास और ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा द्वारा प्रारंभ किया गया। अभियान को सफल बनाने के लिए अरविंद कुमार शर्मा द्वारा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। अभियान को वैश्विक निवेशक शिखर सम्मेलन से पहले लांच किया गया है। यह शिखर सम्मेलन 10 से 12 फरवरी 2023 को लखनऊ में आयोजित हो रहा है जिसमें दुनिया भर से व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल, कॉर्पोरेट उद्योग के नेता, नीति निर्माता, शिक्षाविद, थिंक टैंक और राजनीतिक सरकारी नेतृत्व साथ आएँगे।
एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वर्तमान सरकार नहीं अगले 5 वर्षों में राज्य को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा है। यूपी ग्लोबल सिटी अभियान और इसके जैसे अन्य बहुत से विकास कार्यक्रम किस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस अभियान को राज्य के सभी 762 नगरीय निकायों में लागू किया जाना है।
अन्य प्रमुख अभियान
पूरे 100 दिवसीय इस अभियान को यूपी के नगर विकास विभाग की ओर से चलाया जा रहा है। नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने इसके अंतर्गत उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की। उन्होंने यह भी बताया कि इसके साथ ही प्रदेश के छोटे बड़े ढाबे, रेस्टोरेंट, होटल आदि के कचरे के निस्तारण के लिए 3 महीने का “स्वच्छ ढाबा अभियान” भी चल रहा है। स्वच्छ ढाबा अभियान जनवरी से मार्च 2023 तक नियत है। स्वच्छता की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
इसके साथ ही राज्य सरकार जी-20 शिखर सम्मेलन की तैयारी में भी जुटी हुई है। इस वैश्विक आयोजन में सरकार की ब्रांड यूपी पेश करने की योजना है और इसके अंतर्गत कई सारे शहरों में बहुत से कार्यक्रम होने की संभावना है। जी20 के अंतर्गत भी स्वच्छता पर ध्यान दिया जा रहा है। आयोजन के अंतर्गत सरकार 1 फरवरी से 31 मार्च 2023 तक राज्य में डोर टू डोर कचरा संग्रह की योजना शुरू कर रही है। इसी तरह स्वच्छ विरासत अभियान के तहत 14 से 24 जनवरी तक सभी पर्यटन स्थलों, ऐतिहासिक स्थलों, स्मारकों और धार्मिक स्थलों पर जनभागीदारी से सफाई का काम किया जायेगा।