![IMG_20230226_181550[1]](https://rpwnews.in/wp-content/uploads/2023/02/IMG_20230226_1815501.jpg)
आर पी डब्लू न्यूज़/ब्यूरो रिपोर्ट
दिल्ली ,26 फरवरी:- पीएम मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के माध्यम से देश को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि समाज के योगदान से देश की शक्ति बढ़ती है। पीएम मोदी ने खुशी जताई कि कार्यक्रम के माध्यम से की गई जनभागीदारी की अपील में लोग बढ़चढ़ कर हिस्सा लेते हैं। इस दौरान पीएम मोदी खुशी जताते हुए कहा कि इसी ऊर्जा प्रवाह के साथ चलते-चलते आज हम ‘मन की बात’ के 98वें एपिसोड के मुकाम तक पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा, नागरिकों ने ‘मन की बात’ को जनभागीदारी की अभिव्यक्ति के रूप में एक अद्भुत मंच बना दिया है।
वोकल फॉर लोकल के साथ मनाएं होली
देशवासियों को संबोधित करते हुए उन्होंने आगामी होली के त्योहार के लिए सभी को शुभकामनाएं दी और कहा कि आज से कुछ दिन बाद ही होली का त्यौहार है। हमें, हमारे त्योहार वोकल फॉर लोकल (Vocal for Local) के संकल्प के साथ ही मनाने हैं।
ई-संजीवनी बन रही जीवन रक्षा ऐप
इससे पहले पीएम ने टेली मेडिकल सेवा प्रदान करने वाली ऐप ई-संजीवनी का जिक्र किया। इसे डिजिटल इंडिया की शक्ति बताते हुए उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए यह जीवन रक्षा ऐप बन रही है। उन्होंने कहा कि ई-संजीवनी के माध्यम से स्वास्थ्य परामर्श पाने वालों का आंकड़ा 10 करोड़ को भी पार कर चुका है। कोरोना काल में यह ऐप वरदान साबित हुई थी। रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 98वें कड़ी में उन्होंने ई-संजीवनी ऐप का इस्तेमाल करने वाले डॉ और मरीज से संवाद भी किया और जाना की कैसे ऐप लोगों के जीवन को बदल रही है। डिजिटल इंडिया की शक्ति का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने हाल के दिनों में भारत के यूपीआई और सिंगापुर के पेनाउ की क्रास बॉर्डर कनेक्टिविटी ऐप के बारे में भी बताया। इसके माध्यम से दोनों देशों के लोग आपस में सस्ती दरों पर सुलभ पैसे ट्रांस्फर कर सकते हैं। भारत का E-Sanjeevani App हो या फिर UPI, ये Ease of Livingको बढ़ाने में बहुत मददगार साबित हुए हैं।
पुरस्कार प्राप्त कलाकारों की सराहना की
पीएम ने उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार प्राप्त कलाकारों की प्रतिभा से भी श्रोताओं को रूबरू कराने का प्रयास किया। उन्होंने सुरसिंगार वादक जॉयदीप, मेंडोलिन वादक उप्पलपू नागमणि, वारकरी कीर्तन संग्राम सिंह सुहास भंडारे, करकट्टम नृत्यांगन वी दुर्गा और पेरिनी ओडिशी के आयोजक राजकुमार नायक की प्रतिभाओं की प्रशंसा की। प्रधानमंत्री ने देश की सांस्कृतिक विरासत को जिंदा रखने के प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के बांसबेरिया में आयोजित त्रिबेनी कुंभो का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि इस ‘मोहोत्शौव’ की परंपरा को 700 साल बाद जीवित किया गया है। दो वर्ष पहले स्थानीय प्रयासों से इसे प्रारंभ किया गया जिसका साहित्य और ऐतिहासिक दस्तावेजों में जिक्र है। पिछले साल यहां कुंभ मेले का भी आयोजन किया गया।
‘वेस्ट टू वेल्थ’ का पीएम ने किया जिक्र
पीएम मोदी ने एक बार फिर स्वच्छ भारत में योगदान देने वालों के कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने हरियाणा के भिवानी में सफाई अभियान चलाने वाले युवाओं और ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले की कमला मोहराना के स्वयं सहायता समूह के माध्यम से ‘वेस्ट टू वेल्थ’ (Waste to Wealth) प्रयासों का उदाहरण दिया। स्वच्छ भारत अभियान का एक महत्वपूर्ण आयाम वेस्ट टू वेल्थ भी है। ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले की एक बहन कमला मोहराना एक स्वयं सहायता समूह चलाती हैं। इस समूह की महिलाएं दूध की थैली और दूसरी प्लास्टिक पैकिंग से टोकरी और मोबाइल स्टैंड जैसी कई चीजें बनाती हैं। ये इनके लिए स्वच्छता के साथ ही आमदनी का भी एक अच्छा जरिया बन रहा है। हम अगर ठान लें तो स्वच्छ भारत में अपना बहुत बड़ा योगदान दे सकते हैं। कम-से-कम प्लास्टिक के बैग की जगह कपड़े के बैग का संकल्प तो हम सबको ही लेना चाहिए। आप देखेंगे, आपका ये संकल्प आपको कितना सन्तोष देगा, और दूसरे लोगों को जरूर प्रेरित करेगा।
भारतीय खिलौनों का बढ़ रहा क्रेज
पीएम मोदी ने कहा कि समाज के योगदान से देश की शक्ति बढ़ती है और उन्हें हर्ष है कि कार्यक्रम के माध्यम से की गई जनभागीदारी की अपील में लोग बढ़चढ़ का हिस्सा लेते हैं। खेल, खिलौनों और स्टोरी टेलिंग से जुड़ी उनकी अपील में देशभर से लोगों ने भाग लिया। ‘मन की बात’ में, जब, भारतीय खिलौनों की बात हुई, तो देश के लोगों ने,इसे भी, हाथों-हाथ बढ़ावा दे दिया। अब तो भारतीय खिलौनों का इतना क्रेज हो गया है, कि, विदेशों में भी इनकी डिमांड बहुत बढ़ रही है। सरदार पटेल के जयंती पर उन्होंने गीत, लोरी और रंगोली प्रतियोगिता की जिक्र किया था। इस दौरान उन्होंने प्रतियोगिता विजेताओं के बारे में जानकारी दी और उनकी प्रतिभा से भी लोगों को रूबरू कराया।