चंडीगढ़/ फरीदाबाद (ब्यूरो रिपोर्ट) 9 अप्रैल
फरीदाबाद जिले में हथीन के पास एक गांव में सनसनीखेज वारदात हुई है। एक किशोरी को 5 लड़के घर से ले गए। उससे कहा कि तुम्हारी मां बीमार है और हालत बहुत ज्यादा खराब है। मरने वाली है, चलकर आखिरी बार मिल लो। मासूम झांसे में आ गई। दरिंदे उसे एक ईंट भट्ठे पर लेकर गए और गैंगरेप किया है। विरोध किया तो लड़की को बुरी तरह पीटा गया है। यह वारदात 5 अप्रैल की रात हुई है। अब मामला सामने आया तो पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। भट्ठे के मुनीम को गिरफ्तार कर लिया गया है।
लड़की के माता-पिता ईंट भट्ठे पर करते हैं काम
बहीन थाने के एसएचओ कैलाश चन्द ने बताया कि लड़की के माता-पिता ईंट के भट्ठे पर काम करते हैं। जब वारदात हुई तो लड़की के माता-पिता घर में नहीं थे। उनके भट्ठे के पड़ोसी गांव में घर है। लड़की वहीं बाकी बच्चों के साथ रहती है। पांच अप्रैल की रात लड़की घर में अकेली थी। रात में करीब 12:00 बजे कुछ लोग उनके घर आए। उन्होंने लड़की से कहा, “तुम्हारी मां की हालत बहुत खराब है। वह बीमार है। मरने वाली है। तुमसे मिलना चाहती है। हम तुम्हें उसके पास छोड़ देंगे।” लड़की को बहकाकर वह पांच लोग अपनी कार से ले गए। आरोपी लड़की को एक ईंट के भट्ठे पर लेकर पहुंचे। वहां लड़की के साथ बुरी तरह मारपीट की गई। उसके साथ 5 लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया है।
लड़की को परिवार ने खोजना शुरू किया
एफआईआर में बताया गया है कि जब लड़की घर से गायब हो गई तो परिवार के दूसरे लोग परेशान हो गए। उसे खोजना शुरू किया। परिवार के लोग खोजते-खोजते ईट के भट्टे पर पहुंचे। परिजनों को देखकर पांचों आरोपी वहां से फरार हो गए। थाना प्रभारी कैलाश चंद ने बताया कि नूंह के रहने वाले उस्मान, अलीम, यूनुस और मूलचंद के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पांचवें आरोपी का नाम परिवार के लोग नहीं जानते हैं। इस आरोपी को हाजर नाम के व्यक्ति का बेटा बताया जा रहा है।
पुलिस का बयान
एसएचओ कैलाश चंद ने बताया कि लड़की ईंट के भट्ठे पर अपने माता-पिता के साथ आती जाती थी। इसी दौरान इन आरोपियों ने उसे देख लिया था। लड़की का मेडिकल परीक्षण करवाया गया है। रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। एसएचओ का कहना है कि सभी पांचों आरोपी फरार हैं। उन्हें जल्दी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ईंट भट्ठे के मुनीम को गिरफ्तार कर लिया गया है