जींद/नरवाना (आर पी डब्लू न्यूज़) राहुल हथो, 1 सितंबर:-
श्री सिद्घि विनायक सेवा समिति द्वारा हर बार की तरह इस बार भी सातवां गणपति उत्सव बुधवार से शुरू किया गया। इस गणपति उत्सव के दौरान शहर में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इसमें काफी संख्2या में महिलाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
समिति प्रधान कैलाश सिंगला और संयोजक विनोद मंगला ने बताया कि उत्सव को लेकर पंडाल पहले ही तैयार करवा दिया गया था। उत्सव के पहले दिन कलश यात्रा निकाली गई है। इसके बाद एक सितंबर से कथा शुरू की जाएगी। कलश यात्रा में ११०० महिलाओं ने कलश उठाए हैं। इन कलश को विधिविधान के साथ पं. मेहर चंद पुजारी व पं.रोशन लाल वेदपाठी द्वारा उठवाया गया है। यह यात्रा बाबा गैबी साहब से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई कथा स्थल पर संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि कथा पंडाल में महिलाओं और पुरूषों के लिए अलग से बैठने की व्यवस्था की हुई है। इस पंडाल में एक समय में तीन से चार हजार लोग आसानी से बैठ सकते हैं। गणपति की प्रतिमा दर्शनों के लिए पंडाल में रखी गई है। सात सितंबर तक श्री मद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। इस कथा का रसपान वृंदावन से आए अंतरराष्ट्रीय भागवत प्रवक्ता आचार्य राजेंद्र महाराज द्वारा गुरूवार से शुरू किया जाएगा। यात्रा के दौरान बीच बीच में जलपान की भी व्यवस्था की गई थी। इस मौके पर जयपाल बंसल, देवीराम गर्ग, नरेश जैन, अनिल गुप्ता, प्रवीन मित्तल, राजेंद्र पीएसओ, पंकज बिहारी, पुनीत गोयल, तरसेम शर्मा,पवन मित्तल, जयभगवान और दीपक मित्तल मौजूद रहे।