
आर पी डब्लू न्यूज़/ब्यूरो रिपोर्ट
दिल्ली, जनवरी 12:-देश में आज, गुरुवार- 12 जनवरी 2023 को ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ मनाया जा रहा है। राष्ट्रीय युवा दिवस हर साल स्वामी विवेकानंद की जयंती पर मनाया जाता है। स्वामी विवेकानंद यकीनन देश की युवा पीढ़ी के लिए सबसे प्रेरक व्यक्ति रहे हैं। उनके निधन के करीब एक सदी बाद भी उनकी नैतिकता और आभा आज भी युवाओं के दिलों में जीवित है। यही कारण है कि हर साल उनका जन्मदिन ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।ज्ञात हो, स्वामी विवेकानंद का जन्मदिन 12 जनवरी को मनाया जाता है। इसी उपलक्ष में भारत सरकार ‘राष्ट्रीय युवा महोत्सव’ का आयोजन भी करती है। बताना चाहेंगे कि इस वर्ष केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा कर्नाटक सरकार के सहयोग से 12 से 16 जनवरी तक कर्नाटक के हुबली-धारवाड़ में 26वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष महोत्सव का विषय ‘विकसित युवा विकसित भारत’ रखा गया है।
PM मोदी करेंगे उद्घाटन
पीएम मोदी आज 12 जनवरी को शाम करीब 4 बजे कर्नाटक के हुबली में 26वें ‘राष्ट्रीय युवा महोत्सव’ का उद्घाटन करेंगे। यह कार्यक्रम स्वामी विवेकानंद की जयंती पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय युवा दिवस पर उनके आदर्शों, शिक्षाओं और योगदानों को सम्मान देने और संजोने के लिए आयोजित किया जा रहा है।
क्या है इसका मकसद ?
हमारे प्रतिभाशाली युवाओं को राष्ट्र निर्माण की ओर प्रेरित करने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए हर साल ‘राष्ट्रीय युवा महोत्सव’ का आयोजन किया जाता है। यह देश के सभी हिस्सों से विविध संस्कृतियों को एक साझा मंच पर लाता है और प्रतिभागियों को एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना से जोड़ता है।
किसको होगा फायदा ?
वर्तमान में हम इक्कीसवीं सदी में जी रहे हैं। जिस प्रकार उन्नीसवीं सदी को ब्रिटेन का समय कहा जाता है, बीसवीं सदी को अमेरिकन सदी कहते हैं, उसी प्रकार इक्कीसवीं सदी भारत की है। भारत युवाओं का देश है और यहां की युवा शक्ति में वह शक्ति है जिसके आगे आज पूरा विश्व नतमस्तक है। स्वामी विवेकानंद ने देश की इसी युवा शक्ति को पहचान कर उसे बल दिया था और औपनिवेशिक भारत में ब्रिटिश साम्राज्य के खिलाफ लड़ने के लिए एक उपकरण के रूप में भारतीय राष्ट्रवाद की चेतना को जागृत करने का महत्वपूर्ण कार्य किया था। वर्तमान में इस युवा शक्ति को पहचान कर पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश में तमाम नीति कार्यक्रम चला रही है। इसका सीधा फायदा आज देश की युवा पीढ़ी को मिल रहा है। एक कहावत है कि किसी भी देश की युवा पीढ़ी उस देश का कल निर्धारित करती है। भारत का कल भी भारत की युवा शक्ति के हाथों में है। ऐसे में कहा जा सकता है कि आने वाला समय भारत का होगा, यानि इसका फायदा पूरे देश को होगा।
G20 से इसे कैसे जोड़ा गया है ?
केवल इतना ही नहीं भारत सरकार ने इस बार देश की युवा शक्ति को विश्व में खास पहचान दिलाने के लिए इसे G20 से जोड़ने का भी महत्वपूर्ण काम किया है। इस क्रम में राष्ट्रीय युवा महोत्सव, युवा शिखर सम्मेलन का गवाह बनेगा, जो G20 और Y20 आयोजनों से उपजी पांच विषयों पर पूर्ण चर्चा का गवाह बनेगा। इनमें काम का भविष्य, उद्योग, नवाचार और 21वीं सदी का कौशल; जलवायु परिवर्तन और आपदा जोखिम में कमी; शांति निर्माण और सुलह; साझा भविष्य-लोकतंत्र और शासन में युवा; और स्वास्थ्य और कल्याण शामिल होंगे।वहीं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय G20 की Y(यूथ)-20 गतिविधियों के लिए पूरे देश में ‘वाई टॉक्स’ का आयोजन कर रहा है। राष्ट्रीय युवा महोत्सव Y20 की थीम के बारे में युवाओं को संवेदनशील बनाकर देश भर में Y20 के लिए उनकी भागीदारी को सुनिश्चित करेगा। प्रतिभागी Y20 के संदेश और विषयों को देश के कोने-कोने तक ले जाएंगे।
इस बार महोत्सव की क्या है रूपरेखा ?
राष्ट्रीय युवा महोत्सव के तहत युवा शिखर सम्मेलन 60 से अधिक प्रतिष्ठित विशेषज्ञों की भागीदारी का गवाह बनेगा। कई प्रतिस्पर्धी और गैर-प्रतिस्पर्धी कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगी कार्यक्रमों में लोक नृत्य और गीत शामिल होंगे और स्थानीय पारंपरिक संस्कृतियों को प्रोत्साहन प्रदान करने के लिए आयोजित किए जाएंगे। वहीं गैर-प्रतिस्पर्धी आयोजनों में योगाथॉन शामिल होगा जिसका उद्देश्य योग करने के लिए करीब 10 लाख लोगों को जुटाना है। राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों द्वारा इस आयोजन के दौरान आठ स्वदेशी खेल और मार्शल आर्ट भी प्रस्तुत किए जाएंगे। अन्य आकर्षणों में फूड फेस्टिवल, यंग आर्टिस्ट कैंप, एडवेंचर स्पोर्ट्स एक्टिविटीज, स्पेशल नो योर आर्मी, नेवी और एयर फोर्स कैंप शामिल हैं।
भारत के विकास में युवाओ की भूमिका
क्योंकि भारत इस बार G20 की अध्यक्षता कर रहा है, ऐसे में भारत सरकार चाहती है कि वह देश की युवा शक्ति से पूरे विश्व को परिचित कराए ताकि भारतीय युवाओं को और अधिक मौके मिल सकें और उन्हें बेहतर भविष्य दिया जा सके। पीएम मोदी ने कहा था कि “21वीं सदी का आज का भारत, अपने युवाओं पर भरपूर भरोसा करते हुए आगे बढ़ रहा है। इसी का नतीजा है कि आज innovation index में भारत की रैंकिंग बढ़ गई है। पिछले 8 वर्षों में पेटेंट की संख्या 7 गुना बढ़ गई है। यूनिकॉर्न की गिनती भी 100 के पार चली गई है। हम इसमें यकीन नहीं रखते हैं सिर्फ सरकार के पास ही समस्याओं का समाधान है। आप देखिए, मैं तो सरकार को आपके पास लेकर आया हूं। सरकार की इन समस्याओं का मेरे नौजवान सॉल्यूशन दें, और आप दे रहे हैं। आपके सामर्थ्य को मैं भली भांति समझता हूं। आज की यंग जेनरेशन ज्यादा तेज और स्मार्ट solution के साथ आगे आ रही है”।
देश की युवा शक्ति न्यू इंडिया का आधार स्तंभ
उल्लेखनीय है कि देश की युवा शक्ति न्यू इंडिया का आधारस्तंभ है और बीते 8 वर्षों में इसे सशक्त करने में केंद्र सरकार ने कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी है। नई शिक्षा नीति हो या IIT और IIM का विस्तार, नए स्टार्ट-अप्स और यूनिकॉर्न से लेकर खेलो इंडिया केंद्र तक, इन सबके साथ सरकार ने युवाओं के लिए हर जरूरी पहल की है। यही कारण है कि आज भारत विश्व के अन्य देशों की तुलना में दोगुनी तेजी से आगे बढ़ रहा है।