चंडीगढ़/पूंडरी 1 मई (सुशील शर्मा ) हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड के चेयरमैन एवं स्थानीय विधायक रणधीर सिंह गोलन ने कहा कि सरोवरों और तालाबों की संस्कृति हमारी प्राचीन व्यवस्था की देन है। इसमें प्रकृति के दर्शन होते हैं। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरोवरों की ऐतिहासिक विरासत को सहेजने का काम किया है, जोकि जल संरक्षण और ग्रामीण परिवेश के सौंदर्यकरण के लिए एक बहुत बड़ा कदम है। विधायक रणधीर सिंह गोलन रविवार को पूंडरी क्षेत्र के गांव बाकल में स्थित तालाब पर पूजा अर्चना करने और शिलान्यास पट्टï के अनावरण उपरांत सहकारी समिति के परिसर में अमृत सरोवर मिशन के तहत आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित गांव वासियों को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के 111 तालाबों के सुधारीकरण के दृष्टिगत चलाई गई अमृत सरोवर योजना का शुभारंभ किया और प्रदेश वासियों को संबोधित किया।
विधायक रणधीर सिंह गोलन ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार द्वारा जनहित की अनेक कल्याणकारी योजनाएं और परियोजनाएं चलाई जा रही है। अमृत सरोवर मिशन के तहत सरोवरों का नवीनीकरण और सुधारीकरण भी इसी कड़ी में महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल सेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार जहां एक ओर प्राचीन संस्कृति के सामाजिक और नैतिक मूल्यों को सहेजने का काम कर रही है, वहीं दूसरी और आईटी सहित हर क्षेत्र में बढ़त बनाए हुए हैं। हमें अपने पुरखों से सेवा की सीख लेकर निरंतरता में कार्य करने की जरूरत है।
अपने उद्बोधन में आगे कहा कि बाकल में अमृत सरोवर योजना के तहत सरोवर के नवीनीकरण पर 44 लाख रुपये की धनराशि खर्च होगी। सरोवर के चारों और हरियाली नजर आएगी। प्रकृति का नजारा देखते ही बनेगा। हमें अपने अतीत से सीख लेकर आगे बढ़ने की जरूरत है। यह हम सबका सांझा कार्य है और संयुक्त प्रयासों के साथ ही सुचारू रूप से कार्य रूप में परिणत करना है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि अमृत सरोवर योजना के तहत पूंडरी हलका के 14 गांवों में तालाबों / सरोवरों का सौंदर्यकरण होगा। समूचे हरियाणा प्रदेश के हर जिला के 75-75 तालाबों में अमृत सरोवर मिशन के तहत काम किया जाएगा। हरियाणा के 111 सरोवरों का नवीनीकरण किया गया है, जिसमें पूंडरी क्षेत्र के गांव बाकल का तालाब भी शामिल है।
क्षेत्र में विकास कार्यों संबंधित विषय पर जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र के ऐसे गांव जहां लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़कें बनाई गई हैं, उनको जगमग करने कार्य किया जाएगा। इस कार्य पर करीब 9 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके लिए कार्य शुरू हो चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि गांव बाकल में 9 लाख रुपये की लागत से अंबेडकर भवन का नवीनीकरण किया जाएगा। इसके लिए शीघ्र ही पैसा आ जाएगा। उन्होंने मौके पर उपस्थित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी को निर्देश दिए कि हलके में सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। सभी गांवों की गलियां व नालियां सुचारू होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि गांव के सभी लोगों को चाहिए कि वे अमृत सरोवर योजना को सुचारू रूप से पूरा करने में अपना भरपूर सहयोग दें और इसे मिशन के रूप में लेकर कार्य करें, ताकि हमारी संस्कृति में समाहित व्यवस्था को पूरी तरह से कार्य रूप में परिणत किया जा सके।
इस मौके पर एसीईओ अमित कुमार, कार्यकारी अभियंता बलराज चौहान, तहसीलदार संजय चौधरी, बीडीपीओ श्याम लाल, जेई सतीश कुमार, कुलदीप, साहिल, राजेंद्र बाकल, शेर सिंह, सुनहेरा राम, धनपत, सूरजभान, जीता राम, हंसराज, जिंद्र सेठ, संजीव कुमार गामड़ी आदि मौजूद रहे।

सरोवर हमारी ऐतिहासिक धरोहर–ऐसी धरोहरों को सहेजने और संजोए रखने का कार्य कर रहे हैं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी–जनहित की कल्याणकारी योजनाओं और परियोजनाओं को आगे बढ़ा रहे हैं प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल–सरोवर संस्कृति को फिर से संरक्षित और संवर्धित करना सरकार का प्रेरणादायक कार्य:- चेयरमैन रणधीर सिंह गोलन
— शुरूआत–मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोनीपत से किया प्रदेश के 111 तालाबों के सुधारीकरण के दृष्टिगत अमृत सरोवर मिशन का विडियो कॉन्फ्रेंस से शुभारंभ–मौके पर उपस्थित रहे जिला प्रशासन के अधिकारी व गांव के लोग