March 15, 2025

Budget session आज से हो रहा है शुरू, पहले दिन आर्थिक सर्वेक्षण पेश होगा

0
Sponsored

आर पी डब्लू न्यूज़/ब्यूरो रिपोर्ट


दिल्ली, जनवरी 31:-वार्षिक बजट का इंतजार अब लगभग खत्म हो गया है। आज 31 जनवरी को संसद के बजट सत्र की कार्यवाही पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू होगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संसद के सेंट्रल हॉल में दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद वित्त वर्ष 2022-23 का आर्थिक सर्वेक्षण (economic survey) लोकसभा में पेश किया जाएगा, जिसे राज्यसभा के पटल पर भी रखा जाएगा।

Sponsored

आर्थिक सर्वेक्षण कौन पेश करेगा

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद वित्त वर्ष 2022-23 का आर्थिक सर्वेक्षण लोकसभा में पेश करेंगी, जिसे राज्यसभा के पटल पर भी रखा जाएगा। सीतारमण के संसद में आर्थिक सर्वेक्षण पेश करने के बाद मुख्य आर्थिक सलाहकार (सीईए) डॉ. वी. अनंत नागेश्वरन प्रेस कांफ्रेंस में आर्थिक सर्वेक्षण की बारीकियों को रखेंगे। इसके अगले दिन एक फरवरी को वित्त मंत्री पूर्वाह्न 11 बजे लोकसभा में केंद्रीय बजट 2023-24 पेश करेंगी।

आर्थिक सर्वेक्षण के मायने

आर्थिक सर्वेक्षण अर्थव्यवस्था की मौजूदा स्थिति की जानकारी देने और नीतिगत ‘नुस्खे’ सुझाने के लिए केंद्रीय बजट से एक दिन पहले संसद में किया जाता है। आर्थिक सर्वेक्षण आसान शब्दों में देश की अर्थव्यवस्था की सेहत का लेखा-जोखा होता है। सरकार इस दस्तावेज के जरिए बताती है कि देश की अर्थव्यवस्था किस स्थिति में है। केंद्र सरकार की योजनाएं कितनी तेजी से आगे बढ़ रही हैं, जबकि पूरे साल विकास का क्या ट्रेंड रहा। किस क्षेत्र में कितना निवेश हुआ।

कौन करता है आर्थिक सर्वेक्षण तैयार

बजट से एक दिन पहले संसद में आने वाली आर्थिक सर्वेक्षण पर सबकी नजर होती है, जिसमें आगामी वित्त वर्ष के लिए सकल घरेलू उत्पाद (GDP) का अनुमान होता है। इस सर्वेक्षण को देश के मुख्य आर्थिक सलाहकार (CEA) के नेतृत्व वाली टीम तैयार करती है। इस टीम में CEA के साथ वित्त और आर्थिक मामलों के जानकार भी शामिल रहते हैं।इसका सीधा प्रसारण भी होगाआर्थिक सर्वे सरकार के आधिकारिक चैनल संसद टीवी पर लाइव देखा जा सकता है। इसके साथ ही पीआईबी के यूट्यूब चैनल https://www.youtube.com/@pibindia पर भी लाइव प्रसारण किया जाएगा। इसके अलावा आर्थिक सर्वेक्षण वित्त मंत्रालय के आधिकारिक फेसबुक पेज https://www.facebook.com/finmin.goi और मंत्रालय के ऑफिसियल ट्विटर हैंडल https://twitter.com/FinMinIndia पर भी लाइव देखा जा सकता है।

पहली बार देश में कब पेश किया गया था आर्थिक सर्वेक्षण

पहली बार देश का आर्थिक सर्वेक्षण वित्त वर्ष 1950-51 में पेश किया गया था। इसके बाद वर्ष 1964 से वित्त मंत्रालय बजट से एक दिन पहले आर्थिक सर्वेक्षण को जारी करता रहा है।

बजट सत्र से पहले शेयर बाजार में तेजी

बजट सत्र से पहले कल सोमवार को शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 169.51 अंक यानी 0.29 फीसदी की उछाल के साथ 59,500.41 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी भी 44.60 अंक यानी 0.25 फीसदी की बढ़त के साथ 17,648.95 के स्तर पर बंद हुआ।

हलवा सेरेमनी के बाद बजट छपने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। वित्त मंत्रालय ने 10 अक्टूबर, 2022 को केंद्रीय बजट बनाने की कवायद शुरू की। वैश्विक अनिश्चितताओं, अमेरिका और यूरोप में मंदी के मंडराते खतरे के बीच वित्त मंत्री सीतारमण एक फरवरी को मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का आखिरी पूर्ण बजट पेश करेंगी। हालांकि, इस बार का केंद्रीय बजट पूरी तरह पेपरलेस होगा, जो मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *