लगातार 5 बार बजट पेश करने वाली छठी वित्त मंत्री हैं निर्मला सीतारमण

आर पी डब्लू न्यूज/ब्यूरो रिपोर्ट
दिल्ली,फरवरी 1:-वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज 1 फरवरी 2023 को लोकसभा में वित्त वर्ष 2023-24 का केंद्रीय बजट पेश कर रही हैं। बता दें वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण स्वतंत्र भारत में लगातार 5 बार बजट पेश करने वाली छठी वित्त मंत्री हैं।
बजट भाषण के बाद राज्य सभा के पटल पर रखी जाएगी बजट की प्रति
गौरतलब है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने तय समयानुसार सुबह 11 बजे से संसद में बजट 2023-24 भाषण शुरू किया। वित्त मंत्री के भाषण के तुरंत बाद बजट की प्रति राज्य सभा के पटल पर रखी जाएगी। केंद्रीय बजट 2023-24 को मंजूरी देने के लिए सुबह केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक हुई। कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में केंद्रीय बजट पेश कर रही हैं।पीएम मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति ने आम (केंद्रीय) बजट 2023-24 को मंजूरी प्रदान की। अब लोकसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण केंद्रीय बजट पेश कर रही हैं। उनका भाषण खत्म होने के बाद इसकी एक प्रति राज्यसभा में भेजी जाएगी।
बजट की प्रति लेकर राष्ट्रपति भवन पहुंची वित्त मंत्री
केंद्रीय बजट पेश करने से पहले आज (बुधवार) सुबह केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण अपने मंत्रालय से राष्ट्रपति भवन पहुंची। वह बजट की प्रति लेकर गई थीं। वित्तमंत्री ने संसद में केंद्रीय बजट पेश करने से पहले आज (बुधवार) सुबह कुछ समय पहले राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।इस दौरान उनके साथ केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री डॉ. भागवत किशनराव कराड, केंद्रीय वित्तराज्य मंत्री पंकज चौधरी और वित्त मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। परंपरा के मुताबिक इस मुलाकात का फोटो जारी किया गया।
राष्ट्रपति के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से साझा की गई जानकारी
इस संबंध में राष्ट्रपति के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से एक ट्वीट करते हुए मुलाकात की फोटो साझा की गई हैं। ट्वीट में लिखा है कि ”केंद्रीय वित्त और कॉरपोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण, राज्य मंत्री डॉ. भागवत किशनराव कराड, राज्य मंत्री पंकज चौधरी और वित्त मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने केंद्रीय बजट 2023-24 पेश करने से पहले राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।इससे पहले वित्त मंत्री अपने मंत्रालय पहुंची थी। इस दौरान वे अपने प्रमुख अफसरों और राज्यमंत्री से मिलीं। अब से कुछ देर बाद वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण लोकसभा में केंद्रीय (आम) बजट पेश करेंगी। अगले साल होने वाले आम चुनाव से पहले मोदी सरकार का यह आखिरी पूर्ण बजट है। माना जा रहा है निर्मला सीतारमण रेलवे को लेकर बड़े एलान कर सकती हैं। रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश का दायरा भी बढ़ाया जा सकता है।
लगातार 5 बार बजट पेश करने वाली छठी वित्त मंत्री हैं निर्मला सीतारमण
• वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लगातार 5 बार बजट पेश करने वाली छठी वित्त मंत्री हैं।
• वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण स्वतंत्र भारत में लगातार पांच बजट पेश करने वाली छठी मंत्री हैं, जो मनमोहन सिंह, अरुण जेटली और पी. चिदंबरम जैसे दिग्गजों की चुनिंदा लीग में शामिल हुई हैं।
• अप्रैल 2023 से शुरू होने वाले वित्तीय वर्ष के लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का बजट 2019 के बाद से उनका पांचवां बजट है।
• पांच सीधे वार्षिक वित्तीय विवरण प्रस्तुत करने वाले अन्य मंत्रियों में अरुण जेटली, पी. चिदंबरम, यशवंत सिन्हा, मनमोहन सिंह और मोरारजी देसाई शामिल हैं।
• 2014 में मोदी सरकार में वित्त मंत्रालय का कार्यभार संभालने के बाद जेटली ने 2014-15 से लेकर 2018-19 तक लगातार पांच बजट पेश किए थे। भारत का केंद्रीय बजट आज, जानिए इस बार क्या होगा अलग
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज (बुधवार) लोकसभा में 2023-24 का आम (केंद्रीय) बजट पेश करेंगी। अगले साल होने वाले आम चुनाव से पहले यह बजट पीएम मोदी सरकार का आखिरी पूर्ण बजट होगा।
इस साल का बजट रखता है बहुत मायने
इस साल का बजट बहुत मायने रखता है, क्योंकि देश में अप्रैल-मई 2024 में अगला लोकसभा चुनाव होना है। संसद में पूर्वाह्न 11 बजे वित्त मंत्री अपना संबोधन देंगी। इस बजट पर सारी दुनिया की निगाहें हैं।
आर्थिक सर्वेक्षण 2022-23 से मिले ये साफ संकेत
संसद में मंगलवार को पेश आर्थिक सर्वेक्षण 2022-23 का साफ संकेत है कि मोदी सरकार आर्थिक सुधारों की बड़े उपायों पर काम कर रही है। इन सुधारों में उद्योग जगत को लाइसेंस और इंस्पेक्टर राज से मुक्ति दिलाने पर खास जोर हो सकता है। इसमें प्रशासनिक सुधारों को लेकर कुछ बहुत ही महत्वपूर्ण कदम भी शामिल हो सकते हैं। यह उपाय भारत को विकासशील देशों की श्रेणी से निकालकर विकसित देशों की श्रेणी में रखने में मददगार साबित होंगे।
इस बार भी पेपरलेस होगा बजट
पिछले दो वर्ष के आम बजट की तरह ही यह भी पेपरलेस होगा। इस बजट पर सारी दुनिया की निगाह लगी हुई है। वित्त मंत्री के बजट भाषण का संसद टीवी और दूरदर्शन पर लाइव प्रसारण होगा। बजट का लाइव टेलीकास्ट इनके यूट्यूब चैनल पर भी देखा जा सकता है। इसके अलावा पत्र सूचना कार्यालय भारत सरकार भी बजट 2023-24 की लाइव स्ट्रीमिंग अपने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर करेगा। केंद्र सरकार के विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, जैसे फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर बजट का सीधा प्रसारण देखा जा सकेगा।
मोबाइल एप पर भी उपलब्ध होगी बजट की जानकारी
लोग बजट मोबाइल एप पर जाकर भी इसकी जानकारी हासिल कर सकते हैं। यह एप दो भाषाओं अंग्रेजी और हिंदी भाषा में है। यह एंड्रॉइड और आईओएस प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। इस एप को आम बजट के वेब पोर्टल www.indiabudget.gov.in पर जाकर डाउनलोड किया जा सकता है। वित्त मंत्री ने पेश किया अमृत काल का पहला बजट, बताया भारत को तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थावित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में देश का आम बजट 2023-24 (Union Budget ) पेश कर दिया है। देश की आजादी के बाद ये पहला मौका है जब बजट को महिला वित्तमंत्री ने ही तैयार किया है और महिला राष्ट्रपति ने ही बजट को मंजूरी भी दी है। यानि राष्ट्रपति और वित्तमंत्री दोनों ही महिला हैं। निर्मला सीतारमण लगातार पांचवीं बार बजट पेश कर रही हैं। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले ये सरकार का अंतिम पूर्ण बजट है।
तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट भाषण में कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है। दुनिया के आकाश पर भारत चमक रहा है। चालू वर्ष के लिए हमारी वार्षिक आर्थिक वृद्धि दर 7.0% अनुमानित है। भारत महामारी और युद्ध के कारण बड़े पैमाने पर वैश्विक मंदी के बावजूद सभी प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। बजट 2023-24 की प्राथमिकताएं समावेशी विकास, अंतिम मील तक पहुंचना, बुनियादी ढांचा और निवेश, क्षमता को उजागर करना, हरित विकास, युवा और वित्तीय क्षेत्र होगा।
गरीब खाद्यान्न योजना 1 साल के लिए बढ़ाई गई
वित्त मंत्री ने कहा कि यह अमृत काल का पहला बजट है। बजट में व्यापक सुधारों और ठोस नीतियों पर जोर दिया गया है। कोरोना महामारी के दौरान हमने सुनिश्चित किया कि कोई भी भूखा न रहे। इसके लिए 28 महीनों के लिए 80 करोड़ से अधिक व्यक्तियों को मुफ्त खाद्यान्न की आपूर्ति की गई। बजट में गरीब खाद्यान्न योजना को 1 साल के लिए बढ़ा दिया गया है। इस पर 2 लाख करोड़ से अधिक का खर्च होगा।
प्रति व्यक्ति की आय हुई दुगनी से ज्यादा
वित्त मंत्री ने कहा कि 2014 से मोदी सरकार के प्रयासों ने सभी नागरिकों के लिए जीवन की बेहतर गुणवत्ता और गरिमापूर्ण जीवन सुनिश्चित किया है। 2014 के बाद से प्रति व्यक्ति की आय दुगनी से अधिक हुई है। 2022 में EPFO की सदस्यता दोगुनी से अधिक हुई है। उन्होंने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था का आकार दुनिया में 10वीं से 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में बढ़ा है।
मजबूत फाइनेंस सेक्टर पर जोर
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि अमृत काल के लिए हमारी दृष्टि में मजबूत पब्लिक फाइनेंस और एक मजबूत फाइनेंस सेक्टर के साथ एक टेक्नोलॉजी-संचालित और ज्ञान-आधारित अर्थव्यवस्था शामिल है। सबका साथ, सबका प्रयास के माध्यम से इस जनभागीदारी को प्राप्त करने के लिए आवश्यक है।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
वित्त मंत्री ने कहा कि राज्यों की सक्रिय भागीदारी, सरकारी कार्यक्रमों और सार्वजनिक-निजी भागीदारी के साथ मिशन मोड पर पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा। देश घरेलू और विदेशी पर्यटकों के लिए अत्यधिक आकर्षण प्रदान करता है। पर्यटन में दोहन की अपार संभावनाएं हैं।
कृषि कोष बनाने की घोषणा
वित्त मंत्री ने कहा कि युवा उद्यमियों द्वारा कृषि-स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने के लिए कृषि कोष बनाया जाएगा। पशुपालन, डेयरी और मत्स्य पालन पर ध्यान देने के साथ कृषि कर्ज लक्ष्य को बढ़ाकर 20 लाख करोड़ रुपए किया जाएगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने घोषणा की है कि भारतीय मिलेट्स अनुसंधान संस्थान को उत्कृष्टता केंद्र के रूप में समर्थन दिया जाएगा।
परंपरागत कारीगरों और शिल्पकारों के लिए पैकेज
वित्त मंत्री ने पीएम विश्वकर्मा कौशल सम्मान पैकेज की घोषणा की। इसके जरिए परंपरागत कारीगरों और शिल्पकारों के लिए सहायता के पैकेज की परिकल्पना की गई है। ये इन्हें एमएसएमई मूल्य श्रृंखला के साथ एकीकृत करते हुए अपने उत्पादों की गुणवत्ता, पैमाने और पहुंच में सुधार करने में सक्षम बनाएगा।
157 नए नर्सिंग कॉलेजों की घोषणा
वित्त मंत्री ने कहा कि 2014 से स्थापित मौजूदा 157 मेडिकल कॉलेजों के साथ सहस्थान में 157 नए नर्सिंग कॉलेज स्थापित किये जाएंगे। इसके अलावा अर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में भारत को बढ़त दिलाने के लिए देश में तीन सेंटर ऑफ एक्सिलेंस बनाए जाएंगे। इसका उद्देश्य एआई के क्षेत्र में देश के युवाओं को पढ़ाई का विश्वस्तरीय सुविधा दिलाना है।
पीएम आवास योजना के बजट में 66% की वृद्धि
सरकार ने PM आवास योजना का आवंटन 66 फीसद बढ़ाकर 79 हजार करोड़ रुपए कर दिया गया है। सीतारमण ने कहा कि हम लोगों को रहने के तेजी से घर आवंटित करेंगे। साथ ही वित्त मंत्री ने राज्य सरकारों के लिए भी बड़ी घोषणा की। केंद्र सरकार ने राज्यों को 50 साल का ब्याज मुक्त कर्ज एक और साल के लिए बढ़ाया।
महिला सम्मान बचत पत्र का ऐलान
अमृत काल में महिलाओं के लिए नई बचत योजना का ऐलान किया गया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि दो साल के लिए इस योजना का लाभ उठाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि मार्च 2025 में दो साल की यह अवधि पूरी होगी। यानी मार्च 2025 तक महिलाएं 2 लाख रुपये तक महिला सम्मान बचत पत्र खरीद सकती हैं। इस पर 7.5 प्रतिशत सालाना की दर से ब्याज दिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर इस पैसे की आंशिक निकासी भी की जा सकेगी।