एयरो इंडिया’ 2023: प्रदर्शित होगी आत्मनिर्भर भारत की झलक

आर पी डब्लू न्यूज़/ब्यूरो रिपोर्ट

दिल्ली, 11 फरवरी:- एशिया की सबसे बड़ी हथियारों की प्रदर्शनी ‘एयरो इंडिया’ इस बार 13 से 17 फरवरी तक बेंगलुरु के येह्लंका वायु सेना स्टेशन पर आयोजित की जाएगी। इस बार एयरो इंडिया 2023 की थीम “रन-वे टू अ बिलियन अपॉरट्यूनिटीज़” है। इस पांच दिवसीय प्रदर्शनी में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ‘एयरो इंडिया’ में 15 स्वदेशी हेलीकॉप्टरों के साथ अनूठी ‘आत्मनिर्भर’ फॉर्मेशन में उड़ान भरेगा। इसमें एलसीए ट्विन सीटर वेरिएंट, हॉक-आई और एचटीटी-40 के अलावा नेक्स्ट जेन सुपरसोनिक फाइटर ट्रेनर के मॉडल प्रदर्शित किये जाएंगे। एचएएल ने अगले साल फरवरी में लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (एलसीए) तेजस मार्क II का पहला विमान भारतीय वायु सेना को देने की उम्मीद जताई है, जिसकी औपचारिक घोषणा एयरो इंडिया में किये जाने की संभावना है।
पीएम मोदी भी होंगे शामिल
आपको बता दें कि पीएम मोदी बेंगलुरु के येलहंका वायु सेना स्टेशन पर आयोजित 14वें एयरो इंडिया 2023 का उद्घाटन करेंगे। पीएम मोदी की परिकल्पना ‘मेक इन इंडिया, मेक फॉर दी वर्ल्ड’ के अनुरूप एयरो इंडिया 2023 में स्वदेशी उपकरणों/प्रौद्योगिकियों को दर्शाया जायेगा और विदेशी कंपनियों के साथ साझेदारी की जायेगी। रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता पर पीएम मोदी के जोर देने के क्रम में इन गतिविधियों को दर्शाया जायेगा, जिनमें डिजाइन तैयार करने में देश की अग्रणी भूमिका, यूएवी सेक्टर, रक्षा क्षेत्र और भावी प्रौद्योगिकियों को पेश करने वाले कार्यक्रम होंगे।
14 वां संस्करण
एयरो इंडिया का यह 14 वां संस्करण है और यह अब तक सबसे बड़ा एयर शो है। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा था कि बेंगलुरु में आयोजित होने वाली एयरो इंडिया 2023 प्रदर्शनी एक मजबूत,आत्मनिर्भर और नए भारत के उदय को दिखाएगी और पूरी दुनिया हवाई क्षेत्र में देश की बढ़ती ताकत को देखेगी।
80 से अधिक लेंगे देश भाग
एयरो इंडिया 2023 में 80 से अधिक देश भाग लेंगे, जिसमें लगभग 30 देशों के मंत्री और वैश्विक व भारतीय ओईएम के 65 सीईओ के भी एयरो इंडिया 2023 में हिस्सा लेने की संभावना है। इसके अलावा एयरो इंडिया 2023 प्रदर्शनी में लगभग 100 विदेशी और 700 भारतीय कंपनियों सहित 800 से अधिक रक्षा कंपनियां भाग लेंगी। प्रदर्शनी में भाग लेने वाली भारतीय कंपनियों में एमएसएमई और स्टार्ट-अप शामिल हैं, जो देश में विशिष्ट प्रौद्योगिकियों की उन्नति, एयरोस्पेस में वृद्धि और रक्षा क्षमताओं को पेश करेंगे।
एशिया की सबसे बड़ी हथियारों की प्रदर्शनी
बेंगलुरु के येह्लंका वायु सेना स्टेशन पर आयोजित प्रदर्शनी ‘एयरो इंडिया’ में एशिया के सबसे बड़े हथियारों को प्रदर्शित किया जायेगा। एचएएल ने प्रदर्शनी के दौरान एयर शो के लिए अनूठी योजना बनाई है, जिसके तहत 15 स्वदेशी हेलीकॉप्टर ‘आत्मनिर्भर’ फॉर्मेशन में उड़ान भरेंगे। एचएएल आसमान में एलसीए ट्विन सीटर वेरिएंट, हॉक-आई और एचटीटी-40 के अलावा नेक्स्ट जेन सुपरसोनिक फाइटर ट्रेनर के मॉडल प्रदर्शित करेगा।
भारत बनेगा दुनिया का हेलीकॉप्टर मैन्युफैक्चरिंग हब
आने वाले वर्षों में हेलीकॉप्टरों की विस्तृत शृंखला निर्मित करने की जरूरत है। बड़े पैमाने पर निर्माण क्षमता बढ़ाने के लिए ही कर्नाटक में तुमकुरु संयंत्र शुरू किया गया है, जिसे 06 फरवरी को प्रधानमंत्री ने राष्ट्र को समर्पित किया है। यह भारत की सबसे बड़ी हेलीकॉप्टर फैक्टरी होगी, जहां शुरुआत में लाइट यूटिलिटी हेलीकॉप्टर (एलयूएच) का निर्माण किया जाएगा। भारत का यह सबसे बड़ा हेलीकॉप्टर कारखाना है, जहां देश की सभी जरूरतों को पूरा करने के लिहाज से हेलीकॉप्टरों का निर्माण होगा। शुरुआती दौर में फैक्टरी में प्रति वर्ष लगभग 30 हेलीकॉप्टर का निर्माण होगा और इसे चरणबद्ध तरीके से 60 और फिर 90 प्रति वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है।