March 15, 2025

Ayushman Health: देश के सभी 1.56 लाख आयुष्मान केन्द्रों पर स्वास्थ्य मेला का आयोजन, हर महीने की 14 तारीख को लगेगा स्वास्थ्य मेला

0
Sponsored

आर पी डब्लू न्यूज़/ब्यूरो रिपोर्ट


दिल्ली, 14 फरवरी:- देश के सभी नागरिकों के स्वस्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए केन्द्र सरकार ने एक नया कदम उठाया है। सभी लोगों को सुलभ एवं बेहतर स्वास्थ्य चिकित्सा मुहैया कराने के लिए आज 14 फरवरी को देश के सभी 1.56 लाख आयुष्मान भारत स्वास्थ्य और कल्याण केंद्रों पर स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जा रहा है। दवा वितरण, योग और सिकल सेल रोग जांच जैसी अन्य गतिविधियों का आयोजन करने के लिए देशव्यापी स्वास्थ्य मेले को हर महीने की 14 तारीख को सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर लगाया जाएगा। इसका आयोजन केन्द्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा किया जा रहा है।

Sponsored

इसके साथ ही आज सभी 1.56 लाख आयुष्मान भारत-स्वास्थ्य और कल्याण केंद्रों पर स्वास्थ्य के लिए साइकिल रैली के रूप में मेगा साइकिलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। आइए जानते हैं स्वास्थ्य मेले के बारे में…..

स्वास्थ्य के लिए साइकिल रैली का आयोजन

शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए केन्द्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने आज 14 फरवरी, 2023 को दिल्ली के लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में ‘साइकिल फॉर हेल्थ’ थीम के साथ एक मेगा साइकिल रैली का आयोजन किया। इसके साथ ही सभी 1.56 लाख आयुष्मान भारत स्वास्थ्य और कल्याण केंद्रों पर भी साइक्लेथॉन या साइकिल रैली का आयोजन किया जा रहा है। इस मेगा साइकिल रैली का आयोजन तीन दिन तक होगा। फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए स्वास्थ्य की ये सभी गतिविधियां स्वस्थ मन, स्वस्थ घर अभियान के तहत की जा रही है। इसके अलावा लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज परिसर में एक क्षेत्र को साइकिल स्टैंड के रूप में समर्पित किया गया है।केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने एक ट्वीट में सभी लोगों को इस मेगा साइकिल रैली में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया है। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना हमारे शरीर को स्वस्थ, फिट और सक्रिय रखने के सर्वोत्तम तरीकों में से एक है। इसके साथ ही केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों को स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए साइकिल का उपयोग करने का आग्रह किया है।

हर माह की 14 तारीख को लगेगा स्वास्थ्य मेला

देश के सभी नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाने के लिए हर माह की 14 तारीख को पूरे देश के 1.56 लाख आयुष्मान स्वास्थ्य और कल्याण केंद्रों पर ‘स्वास्थ्य मेला’ लगेगा। इसकी शुरुआत आज 14 फरवरी, 2023 को हुई है। देशव्यापी स्वास्थ्य मेले में योग, जुम्बा, टेली-परामर्श, निक्षय पोषण अभियान, गैर-संचारी रोग स्क्रीनिंग और दवा वितरण, सिकल सेल रोग स्क्रीनिंग जैसी गतिविधियां की जाएंगी। इसके अलावा मेले में नागरिकों की सभी प्रकार की जॉंच की जाएगी। स्वस्थ मन, स्वस्थ घर अभियान के तहत स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया जा रहा है।

स्वस्थ मन, स्वस्थ घर अभियान

स्वस्थ जीवन के बारे में जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने स्वस्थ मन, स्वस्थ घर अभियान शुरु किया है। इस अभियान की शुरुआत नवंबर 2022 को हुई थी। स्वस्थ मन, स्वस्थ घर अक्टूबर 2023 तक चलने वाला एक साल का अभियान है। फिटनेस को बढ़ावा देने और सभी लोगों तक स्वास्थ्य सुविधा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान चलाया गया है।

उल्लेखनीय है कि यह स्वास्थ्य मेला आजादी का अमृत महोत्सव मनाने के लिए स्वास्थ्य और कल्याण के विषय को बढ़ावा दे रहा है। यह नई राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति 2017 के अनुरूप है। इसे फिटनेस और स्वास्थ्य देखभाल के प्रति फिट इंडिया मूवमेंट, 2019 पर केंद्रित किया गया है। वहीं भारत सरकार सभी नागरिकों के स्वास्थ्य और कल्याण को सुनिश्चित करने और स्वास्थ्य को हमारे दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने के दृष्टिकोण को पूरा करने के लिए कई कदम उठा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *