चंडीगढ़ /यमुनानगर 28 मार्च
केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर सरकारी नीतियों के विरोध में कर्मचारी संगठनों ने दो दिन की हड़ताल सोमवार सुबह 7 बजे से शुरु की। लेकिन रेल, बस,बिजली,पानी, अस्पताल की सभी सेवाओं के जारी रहने से हडताल बेअसर नजर आई। हड़ताल को देखते हुए जिला प्रशासन ने धारा 144 लगा दी है। कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा पुलिस अधिकारी से लेकर डयूटी मैजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। आपातकालीन संबंधित विभाग की टीमें को अलर्ट किया गया। प्रशासन की ओर से हड़ताल को विफल करने के लिए और जनता की जरूरी सुविधाओं में परेशानी ना हो इसको लेकर सभी इमरजेंसी सेवाएं देने की बात कही गई। कर्मचारी संगठनों के नेताओं का कहना है कि हमारी मांगों को सरकार लिखित रूप से दे तो हम हड़ताल रद्द करने को तैयार हैं। कर्मचारियों ने अलग-अलग जगह पर अपने विभागों के सामने हडताल की और हड़ताल का मुख्य कार्यक्रम बस स्टैंड के नजदीक पार्क पर हुआ जिसमें में बडी संख्या में सभी विभागों के कर्मचारियों ने हिस्सा लिया । सुबह से ही बैंक कर्मचारियों की हड़ताल होने पर भी संशय बना रहा। एसबीआई में मर्ज सभी बैंक , निजी बैंक खुले रहें। वहीं बिजली व स्वास्थ्य विभाग की सेवाएं भी सुचारु रुप से जारी रही। सभी कर्मचारी अपनी कई मांगों को लेकर कर रहे है। इसमें कर्मचारियों को पक्का करने की मुख्य मांग है। स्वास्थ्य विभाग ठेका कर्मियों का कहना है कि वें अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं और मांगों को पूरा नहीं किया है। इसलिए उन्होंने मजबूरन हड़ताल पर जाने का फैसला किया है। वहीं ठेका कर्मचारियों ने हड़ताल करते हुए सिविल अस्पताल यमुनानगर के गेट पर हड़ताल की। अग्निशमन सेवा व नगर पालिका कर्मचारी संघ के राज्य प्रैस सचिव गुलशन भरद्वाज ने बताया कि दो दिन की हड़ताल को लेकर अग्निशमन कर्मी हड़ताल पर रहेंगे। अगर कहीं आग लगने की घटना होती है तो आग पर काबू पाने के लिए हड़ताल पर रहते हुए भी आग पर काबू पाने के लिए तैयार रहेंगे। सफाई कर्मचारी नेता विकी पर्चा ने कहा कि नगर निगम के सफाई कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे और इस दौरान में काम नहीं करेंगे। इन दिनों सफाई की पूरी जिम्मेदारी नगर कर्मचारियों पर है। क्योंकि प्राइवेट कंपनी काम छोड़ कर जा चुकी है और इससे दिक्कत आ रही है। वही हडताल के बावजूद भी सरकारी बसें चलती नजर आईं। जिला रोडवेज प्रबंधक ने बताया कि बसें सुचारु रुप से चल रही है। हालांकि सुबह कुछ बसों को गेट पर यूनियन के द्वारा रोकने का प्रयास किया गया जो पुलिस ने विफल कर दिया। वहीं रोडवेज यूनियन के नेताओं ने कहा कि करनाल हाईवे टोल प्लाजा पर सभी सर्व कर्मचारी संगठनों के द्वारा बसों को रोका जा रहा है और आगे नही जाने दिया जा रहा है।