101 कन्याओं की शादियां कर कन्यादान करेंगे मेयर, आज से रजिस्ट्रेशन शुरू
– आर्थिक रूप से कमजोर परिवार बेटी की शादी के लिए एक अप्रैल से 30 मई तक मेयर हाउस में करवा सकते है रजिस्ट्रेशन
– मेयर मदन चौहान ने प्रेसवार्ता कर दी जानकारी, शुभ मुहूर्त देख तेजली खेल परिसर में किया जाएगा विशाल शादी समारोह का आयोजन
चंडीगढ़/यमुनानगर 31 मार्च
यमुनानगर नगर निगम मेयर मदन चौहान 101 कन्याओं की शादियां कर कन्यादान करेंगे। इसको लेकर समाज के सहयोग से तेजली खेल परिसर में विशाल शादी समारोह का आयोजन किया जाएगा। जिसमें आर्थिक रूप से कमजोर हर वर्ग के परिवारों की कन्याओं को शामिल किया जाएगा। शादी के लिए एक अप्रैल से 30 मई तक मॉडल टाउन स्थित मेयर हाउस में रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। रजिस्ट्रेशन होने के बाद शुभ विवाह मुहूर्त की तिथि निर्धारित कर शादी समारोह का आयोजन किया।
मेयर मदन चौहान ने कहा कि हम एक सामाजिक कार्यक्रम करने जा रहे है। यह कार्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की 101 कन्याओं की शादी करने का है। यह कार्य सरकारी या राजनैतिक नहीं होगा। पूर्ण रूप से सामाजिक कार्य होगा। समाज के साथ मिलकर जनता के सहयोग से यह कार्य किया जाएगा। 101 कन्याओं की शादी करने के लिए एक अप्रैल से रजिस्ट्रेशन शुरू किया जाएगा। रजिस्ट्रेशन बिल्कुल निशुल्क होगा। 30 मई तक मॉडल टाउन स्थित मेयर हाउस पर सुबह दस बजे से दोपहर 12 बजे तक रजिस्ट्रेशन का कार्य किया जाएगा। शांति फाउंडेशन की संस्थापक प्रिया अरोड़ा व मीनू चसवाल इस प्रक्रिया को देखेंगे। रजिस्ट्रेशन करने के बाद उन परिवारों को छांटा जाएगा जो आर्थिक रूप से कमजोर नहीं होगा। इसके लिए परिवार की घर घर जाकर की वेरिफिकेशन की जाएगी। यदि परिवार की आर्थिक हालात सही नहीं है तो उसे इसमें शामिल किया जाएगा। हम चाहते है समाज के अंतिम व्यक्ति व अंतिम पायदान पर रहने वाले लोगों को इसका लाभ मिले। रजिस्ट्रेशन होने के बाद शुभ मुहूर्त देखकर तारीख निर्धारित की जाएगी। इसके बाद तेजली खेल परिसर में समारोह का आयोजन कर कन्याओं की शादी की जाएगी। यह समारोह समाज के सहयोग से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई सामाजिक व्यक्ति इसमें सहयोग करना चाहता है तो वह भी आमंत्रित है। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों का आर्थिक स्तर सुधारने के लिए सरकार ने अनेक योजनाएं शुरू की हुई है। उन्होंने लोगों से भी सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। मौके पर शांति फाउंडेशन की संस्थापक प्रिया अरोड़ा व मीनू चसवाल मौजूद रही।
विवाह शगुन योजना का लाभ उठाएं पात्र-
मेयर मदन चौहान ने कहा कि हरियाणा सरकार ने गरीब कन्याओं के लिए एक ऐसी योजना तैयार की है जिसमें गरीब परिवार की कन्याओं के विवाह में कोई परेशानी नहीं आए। कुछ माह पहले ही सरकार ने मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना हरियाणा के तहत मिलने वाली सहायता राशि को बढ़ाकर 71 हजार रुपये किया है। उन्होंने योजना के पात्र परिवारों से भी आह्वान किया है कि वे अपनी बेटी की शादी से पहले योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन करें।
