चंडीगढ़ /भिवानी 6अप्रैल
हलवासिया स्कूल प्रबंधन ने बैंड-बाजे व फूल-मालाओं के साथ छात्रा का किया स्वागत
छठी कक्षा से हॉकी खेल रही है इशिका
दो बार स्कूल नेशनल खेलों व खेलों इंडिया में भी प्राप्त कर चुकी है गोल्ड मैडल
मेजर ध्यानचंद के दिखाए रास्ते पर चलकर हॉकी में अंतर्राष्ट्रीय पहचान बनाना उद्देश्य : इशिका
भिवानी, 06 अप्रैल : आज लड़कियां किसी भी क्षेत्र में लडक़ों से पीछे नहीं हैं। विशेषकर खेल की बात करें तो भिवानी की लड़कियां अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश, राज्य व जिले का नाम रोशन करती नजर आ रही हैं। जो अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा साबित हो रही हैं। इन्ही में से एक भिवानी के हलवासिया विद्या विहार की छात्रा इशिका है, जिन्होंने 25 मार्च से चार अप्रैल तक आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में हुई 12वीं हॉकी इंडिया जूनियर वूमैन नेशनल चैंपियनशिप 2022 में गोल्ड मैडल प्राप्त कर प्रथम स्थान पाया है, इशिका का उद्देश्य भविष्य में भारतीय हॉकी टीम के माध्यम से देश का प्रतिनिधित्व करना है।
गोल्ड मैडल लेने के बाद भिवानी लौटी इशिका का उनके स्कूल हलवासिया विद्या विहार में भव्य स्वागत किया गया। ढ़ोल-नंगाड़ों व फूल-मालाओं के साथ इशिका को स्कूल प्रबंधन कमेटी ने सम्मानित किया तथा इनके भविष्य को लेकर शुभकामनाएं दी। स्कूल के प्रशासक डीसी रहेजा व प्राचार्य विमलेश आर्य ने बताया कि इशिका ना केवल खेलों, बल्कि पढ़ाई में भी अव्वल है। अपने बेहतर खेल की बदौलत इशिका ने जूनियर वर्ग में भारतीय हॉकी में जिले का नाम रोशन किया हैं। वह फॉरवर्ड लाईन की प्लेयर है। उनकी टीम ने झारखंड को 3-0 से हराकर देश भर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
वही इशिका ने बताया कि वह बचपन से ही हॉकी खेल रही है। वह उनके पिता के साथ हॉकी के मैदान में छोटी उम्र से ही जाती थी। छठी क्लास में उसने हॉकी खेलना शुरू किया। जिसके बाद 2018 व 19 में लगातार दो बार स्कूल नेशनल खेलों में गोल्ड मैडल, 2019-20 में खेलों में गोल्ड मैडल तथा अबकी बार सब जूनियर वूमैन चैंपियनशिप में गोल्ड मैडल प्राप्त किया है। इशिका ने बताया कि भविष्य में उसकी इच्छा ओलंपिक हॉकी में भारत का प्रतिनिधित्व करना है, ताकि हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के कदमों पर चलते हुए भारत देश को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हॉकी में नई पहचान दे सकें।
बाईट : स्कूल के प्रशासक डीसी रहेजा व प्राचार्य विमलेश आर्य एवं इशिका मैडलिस्ट खिलाड़ी।
