चंडीगढ़ / भिवानी 10 अप्रैल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों की आय दोगुनी करने एवं उत्थान के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही है, जिनका लाभ किसानों तक पहुंचा भी है। इसी के तहत लाभांवित से संपर्क साधने के लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा छह: अप्रैल से 20 अप्रैल तक सामाजिक न्याय पखवाड़ा चलाया जा रहा है, जिसके तहत देश भर में प्रत्येक गांव स्तर पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा अभियान चलाकर उन किसानों से संपर्क साधा जा रहा है, जिन्होंने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा चलाई गई योजनाओं का लाभ उठाया है। यह बात भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सुखविंद्र मांढ़ी व जि़ला अध्यक्ष शंकर धूपड़ ने संयुक्त रूप से रविवार को स्थानीय विश्राम गृह में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही।
मांढ़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा चलाई गई किसान सम्मान निधि योजना के तहत अब तक 10 किश्तों में 11.78 करोड़़ किसानों को लगभग 1.82 लाख करोड़ रूपये का लाभ सीधे उनके बैंक खाते में दिया गया है। कोरोना महामारी के दौरान किसान सम्मान निधि के माध्यम से 1.30 लाख करोड़ रूपये की राशि हंस्तांतरित की गई। इसके अलावा वित्त वर्ष 2022-23 के कृषि बजट में 1,23,960.75 करोड़ रूपये का प्रावधान किया गया, जो कि पिछली बार से अधिक है। वर्ष 2014 से 2019 तक कृषि बजट में लगभग 38 प्रतिशत की वृद्धि की गई। 23 करोड़ किसानों को स्वायल हैल्थ कार्ड वितरित किए गए। उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड के तहत 2.94 करोड़ किसानों को 3.22 लाख करोड़ रूपये तक का क्रेडिट लिमिट बनाई गई। फसल बीमा योजना के तहत अब तक 1, 07, 059 करोड़ रूपये का क्लेम का भुगतान किसानों को किया जा चुका है। मांढ़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा कृषि इंफ्रा स्ट्रक्चर पर 11 हजार 632 प्रोजेक्ट्स के लिए अब तक आठ हजार 585 करोड़ रूपये ऋण की मंजूरी दी जा चुकी है। गन्ना की एफआरपी बढ़ाई गई। किसान मान-धन योजना के तहत तीन हजार रूपये मासिक पेंशन की व्यवस्था की गई। इसके अलावा एमएसपी में भी ऐतिहासिक बढ़ोत्तरी की गई है। फसलों की बुआई से पहले एमएसपी निर्धारित करते हुए किसानों को एमएसपी का मूल्य मिलता है। इसके अलावा ऐसी अनेक विकास परियोजनाएं है, जो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के उत्थानएवं विकास के लिए लागू की है, जिनका आज किसान फायदा उठा रहे हैं।
मांढ़ी ने कहा कि भाजपा द्वारा छह: से 20 अप्रैल तक सामाजिक न्याय पखवाड़ा मनाया जा रहा है, इसी कड़ी में 10 अप्रैल किसान मोर्चा के नाम किया गया और इसके तहत आज 10 अप्रैल को देश भर के प्रत्येक गांव स्तर पर किसान से संपर्क साधकर किसानों को केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही कितने किसान लाभांवित हुए, इसकी भी जानकारी ली गई। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसानों को भाजपा की रीति व नीति से जोडऩे का काम किसान मोर्चा द्वारा किया गया है। उन्होंने कहा कि ये कार्यक्रम सिर्फ एक दिन तक सीमित ना होकर आगे भी चलाया जाएगा तथा प्रत्येक लाभार्थी किसानों से संपर्क करते हुए किसान को भाजपा से जोडऩे का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले सात वर्षो के दौरान अनेक योजनाएं लागू की गई है। उन्होंने कहा कि देश के किसानों को पिछले सात वर्ष में ये महसूस किया है कि भाजपा ने चुनावी वायदों से ऊपर उठकर किसान हित की सोच रखते हुए उनके लिए कार्य किया है।