कुरुक्षेत्र (आर पी डब्लू न्यूज़) 1 सितंबर:-
रेल यात्रियों से लिए राहत भरी खबर है। कुरुक्षेत्र-जींद रेल ट्रैक पर कोरोना महामारी के कारण बंद हुई पैसेंजर ट्रेनें लगभग ढाई साल बाद ट्रैक पर वापस लौट गई है। कुरुक्षेत्र से जींद व जींद से कुरुक्षेत्र जाने वाली चार पैसेंजर ट्रेनों का संचालन हो गया है। कुरुक्षेत्र से जींद वाया कैथल दो रेलगाड़ियां जाएंगी व दो गाड़ियां आएंगी। इसके अलावा कुरुक्षेत्र से वाया कैथल होकर दिल्ली जाने वाली रेलगाड़ी भी शुरू हो गई है। यह रेलगाड़ी वीरवार सुबह 6 बजे कुरुक्षेत्र से चली और 11 बजे दिल्ली पहुंची। यह रेलगाड़ी अब एक्सप्रेस होगी जिसका नंबर 14024 होगा जिसमें एक्सप्रेस का किराया लगेगा और चुनिंदा स्टेशनों पर ही रूकेगी।
अभी तक कैथल से जयपुर-दौलतपुर चौक इंटरसिटी व सुबह के समय कुरुक्षेत्र और शाम के समय जींद जाने के लिए एक ही ट्रेन चल रही थी। इन रेलगाडियों के चलने से दैनिक यात्रियों सहित अन्य यात्रियों को भी फायदा होगा। कैथल से कुरुक्षेत्र रेलवे मार्ग से गुजरने वाली ट्रेनों में प्रतिदिन हजारों यात्री यात्रा करते हैं। इनमें से सबसे अधिक यात्री प्रतिदिन यात्रा करने वाले यात्री हैं। इसके साथ ही सैकड़ों विद्यार्थी भी कुरुक्षेत्र पढ़ाई करने के लिए पहुंचते हैं। इन ट्रेनों के संचालन के बाद इन्हें भी फायदा मिलेगा।
इन स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन
कुरुक्षेत्र से चलकर दिल्ली जाने वाली ट्रेन अब केवल चुनिंदा स्टेशनों पर ही रूकेगी। कुरुक्षेत्र से चलकर ट्रेन पिहोवा रोड स्टेशन, कैथल, कलायत, नरवाना, उचाना, जींद जंक्शन, जुलाना, रोहतक जंक्शन, सांपला, बहादुरगढ़, शकुरबस्ती, किशनगंज स्टेशन पर रूकेगी। इसके बाद पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पहुंचेंगी।