आर पी डब्लू न्यूज़/पंकज सिंह
पंचकूला 12 सितंबर – हरियाणा के पूर्व उप मुख्यमंत्री चन्द्र मोहन ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और देश के युवाओं की आशा के प्रतीक राहुल गांधी द्वारा शुरू की गई भारत जोड़ो यात्रा को लेकर जिस प्रकार से देश के लोगों में उत्साह है उससे भारतीय जनता पार्टी की डगर मुश्किल होने वाली है। राहुल गांधी द्वारा जिस तरह से इस भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से देश के लोगों को 8भारतीय जनता पार्टी की सच्चाई के बारे में अवगत कराया जा रहा है उससे लोगों का आकर्षक और लोगों को जिजिविषा निरन्तर बढ़ रही है और इस भारत जोड़ो यात्रा के समापन के पश्चात् देश के लोगों को देश की वास्तविकता का बोध अवश्य ही होगा। आज राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का छठा दिन है और कल उन्होंने छात्रों और बुनकरों से मुलाकात कर उनकी समस्या को समझने का प्रयास किया था।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को देश के लोगों का जो समर्थन मिल रहा है। उससे भारतीय जनता पार्टी की बोखलाहट निरन्तर बढ़ती जा रही है। अब भारतीय जनता पार्टी के नेता मुद्दों की बात छोड़ कर राहुल गांधी के कपड़े पहने के स्तर की बातें करने लगे हैं। उन्होंने कहा कि इस बात से कोई सरोकार नहीं है कि कौन कैसे कपड़े पहनता है । प्रश्न देश की अस्मिता और गौरव का है और प्रश्न देश में बढ़ रही कमरतोड़ महंगाई का है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा किसी एक व्यक्ति के खिलाफ नहीं अपितु बढ़ती हुई बेरोजगारी और ह्रास होती हुई राजनैतिक विचारधारा के खिलाफ है।
चन्द्र मोहन ने तंज कसते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व की कौनसी पांचवीं अर्थ व्यवस्था की बात कर रही है। भाजपा उस देश के उन लोगों की अर्थव्यवस्था की बात कर रही है,जहां पिछले दो वर्षों में 6 करोड़ से ज्यादा लोग बेरोजगारी का शिकार हो गए और देश के 20 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी की सीमा रेखा से नीचे चले गए हैं।देश का विकास चाटूकारिता करने से नहीं होगा और अपितु देश के विकास की रुप रेखा लोगों के बीच में रहकर ही उनकी समस्याओं को समझ कर ही बनाई जा सकती है और राहुल गांधी देश की आत्मा के साथ जुड़ने का प्रयास कर रहे हैं और यह भारतीय जनता पार्टी को रास नहीं आ रहा है।
चन्द्र मोहन ने कहा कि 130 करोड़ की आबादी वाला देश दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने अपने नीजि स्वार्थों के वशीभूत होकर देश को तोड़ने का काम किया है और इस देश को जोड़ने का संकल्प राहुल गांधी ने लिया है और 150 दिनों तक चलने वाली और 20 राज्यों और दो केन्द्र शासित प्रदेशों से गुजरने वाली भारत जोड़ो यात्रा देश में एक नया आयाम स्थापित करेगी और उन्हें जनता से रुबरु होने और जनता की समस्याओं को नजदीक से देखने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने कहा यह देश विभिन्न भाषाओं के बोलने वालों का देश है और यही इसकी असली ताकत है। कांग्रेस ने देश की आजादी से पहले भी देश को जोड़ने का काम किया है और आज भी देश संप्रभुता और एकता तथा अखंण्डता को बनाए रखने के लिए ही भारत जोड़ो यात्रा का आगाज किया गया है।