आर पी डब्लू न्यूज़

फतेहाबाद 25 सितम्बर:- देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री स्वर्गीय देवीलाल की जयंती आज हरियाणा प्रदेश में कई जगहों पर मनाई जा रही है। फतेहाबाद में जहाँ इनैलो द्वारा एक बड़ी रैली का आयोजन किया गया है जिसमें देश भर के कई दिग्गज नेता पहुंच रहे है वही जजपा भी हरियाणा के कई जगहों पर देवीलाल की जयंती पर कार्यक्रम कर रही है। देवीलाल के बेटे और हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री चौधरी रणजीत सिंह चौटाला ने अपने सिरसा आवास पर देवीलाल जयंती मनाई। सबसे पहले चौधरी रणजीत सिंह चौटाला ने अपनी पत्नी , बेटे , बहू , पोता और पोती संग देवीलाल की प्रतिमा को पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि भी दी। चौधरी रणजीत सिंह चौटाला ने इस मौके पर फतेहाबाद में आज तीसरे मोर्चे के गठन के अस्तित्व पर भी सवाल खड़े किए है।

मीडिया से बातचीत करते हुए हरियाणा के कैबिनेट मंत्री चौधरी रणजीत सिंह चौटाला ने कहा कि देवीलाल ने पूरे देश भर के लोगों के हितों ध्यान में रखते हुए कई कल्याणकारी योजनाएं बनाई थी जिसका लाभ लोगों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि देवीलाल ने हरियाणा के लिए काफी काम किया है। उन्होंने कहा कि देवीलाल ने हमेशा स्वच्छ राजनीति की है। उन्होंने कहा कि दो बार 1977 व 1987 में एकतरफा हरियाणा का चुनाव हुआ और देवीलाल की सरकार हरियाणा में बनी थी। उन्होंने कहा कि देवीलाल किसान , मजदूर सहित अनेक वर्ग के नेता थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा भी चौधरी देवीलाल की बदौलत ही बना है। रणजीत सिंह चौटाला ने तीसरे मोर्चे के गठन पर सवाल उठाते हुए कहा कि तीसरे मोर्चे के गठन की कोई बात ही नहीं है। देश में केवल नरेंद्र मोदी ही रहेंगे और मोदी को ही देश की जनता ने नेता मान लिया है। पूरी दुनिया में नरेंद्र मोदी से ज्यादा लोकप्रिय नेता कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और सीएम मनोहर लाल के नेतृत्व में देश और प्रदेश में खूब तरक्की की है और देश व प्रदेश का भविष्य इन दोनों नेताओं के हाथों में ही सुरक्षित है।