
आर पी डब्लू न्यूज़/ब्यूरो रिपोर्ट
•वर्तमान उच्च शिक्षा में विविधता एवं विभिन्न प्रकार के विकल्पों के बारे में जदी गई जानकारी
फतेहाबाद, 6 जनवरी:- जवाहर नवोदय विद्यालय, खारा खेड़ी में एक करियर काऊंसलिंग का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों को वर्तमान उच्च शिक्षा में विविधता एवं विभिन्न प्रकार के विकल्पों के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान विद्यालय के छात्रों को नई शिक्षा नीति के बारे में भी जानकारी दी गई और बताया गया कि वे किस प्रकार इस नीति का लाभ उठा सकते हैं।
विद्यालय के प्राचार्य अनूप सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि उचित जानकारी के अभाव में योग्यता होने के बावजूद विद्यार्थी देश के बेहतरीन शिक्षण संस्थानों में प्रवेश से वंचित रह जाते है। इसलिए बच्चों को 10वीं व 12वीं के बाद क्या विकल्प चुने, इस बारे में जानकारी देने के लिए अजीत कटारिया का विद्यालय में एक व्याख्यान आयोजित किया गया। अजीत कटारिया वर्तमान में टाटा इंस्टिट्यूट ऑफ सोसल साइंस से अपनी स्नातकोतर की पढ़ाई पूर्ण करने के बाद एमबीए करने के लिए कार्डिफ यूनिवसिटी, इंग्लैंड जाने से पहले विद्यार्थियों को करियर काउंसलिग के बारे में विस्तृत जानकारी दी। अजीत कटारिया ने सबसे पहले विद्यार्थियों को नई शिक्षा नीति के बारे में जानकारी दी तथा बताया कि किस प्रकार से वे नई शिक्षा नीति का लाभ उठा सकते हैं। इसके बाद उन्होने विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षणिक विकल्पों के बारे में जानकारी दी तथा उन्हें बताया कि हमें सिर्फ परम्परागत कोर्सिज के बारे में न सोचकर अन्य उपलब्ध विकल्पों के बारे में भी सोचना चाहिए।

उन्होंने कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को विशेष रूप से कहा कि अगले कुछ महीनों में उन्हें भी चुनाव करते समय इस बात का ध्यान रखना है कि उनकी रूचि किस में है तथा किस विकल्प को चुनने से उन्हें सफलता मिलने के अवसर ज्यादा एवं शीघ्र उपलब्ध होंगे। विद्यार्थियों ने अपनी क्षमता एवं रूचि के हिसाब से उनसे विभिन्न करियर विकल्पों के बारे में विस्तृत जानकारी ली। बच्चों द्वारा पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि सरकारी नौकरी ही हमारा एकमात्र उद्देश्य नहीं होना चाहिए तथा उन्हें बहुत से ऐसे विकल्पों के बारे में भी जानकारी दी जो सरकारी नौकरी से कहीं ज्यादा बेहतर हो सकते है। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि कामयाब होने के लिए मात्र डिग्री या डिप्लोमा काफी नहीं है बल्कि हमें अपने अन्दर विभिन्न प्रकार के कौशल क्षमता को भी विकसित करना पड़ेगा। उन्होंने न केवल देश अपितु उच्च शिक्षा अर्जित करने के लिए विदेशों के भी विभिन्न शिक्षा सस्थानों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान विद्यालय की उप प्राचार्य कुसुम गुप्ता ने अजीत कटारिया का करियर काउसलिंग के बारे में विद्यार्थियों को विस्तृत जानकारी देने के लिए धन्यवाद किया तथा विश्वास जताया कि निश्चित रूप से उनके द्वारी दी गई जानकारी का लाभ उठाते हुए हमारे विद्यार्थी अपने जीवन में सफल होंगे।