
आर पी डब्लू न्यूज़/कुलदीप पातलान
कई महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिनका समावेश निर्माणाधीन हवाई अड्डे में किया जाएगा

हिसार, 14 फरवरी:- हिसार के महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य के अनुरूप विकसित करने के उद्देश्य से शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ कमल गुप्ता व सिविल एविएशन विभाग के उच्चाधिकारियों ने बैंगलोर में आयोजित एयर इंडिया शो के दौरान दुनिया भर के विशेषज्ञों के साथ बैठक की। इस बहुउद्देश्यीय शो में हरियाणा की भागीदारी का उद्देश्य हिसार में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के विकास को लेकर महत्व पूर्ण जानकारी जुटाना है। प्रमुख देशों से आए विशेषज्ञों से इस विषय पर गहन मंत्रणा की गई है।
डॉ कमल गुप्ता ने बताया कि इस विषय में कई महत्वपूर्ण जानकारी मिली है, जिनका समावेश निर्माणाधीन हवाई अड्डे के निर्माण के दौरान किया जा सकेगा। निकाय मंत्री ने कहा कि हिसार का हवाई अड्डा देश का सबसे आधुनिक और बड़ा बने, यह माननीय मुख्यमंत्री मनोहर लाल व हम सभी का सपना है। यह अवश्य ही पूरा होगा। उन्होंने बताया कि बैंगलोर में आयोजित एयर इंडिया शो के दौरान मेक इन इंडिया और मेक फोर वर्ल्ड विषय पर अहम जानकारियां प्राप्त हुई हैं।

डॉ गुप्ता ने बताया कि 17 फरवरी तक चलने वाले इस शो में पांच लाख की संख्या में देश-विदेश से जानकार आएंगे तथा 32 देशों के रक्षा मंत्री 29 देशों के वायु सेना प्रमुख इसमें भागीदारी कर रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री डॉ कमल गुप्ता ने बताया कि इस शो में प्रदेश के प्रतिनिधि के रूप में उनके अलावा उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, निदेशक डॉ शलीन व एयरपोर्ट निर्माण सलाहकार आरपी सिंह ने भी भागीदारी की है। उन्होंने कहा कि इस शो से प्राप्त जानकारियों से निर्माणाधीन हवाई अड्डे के निर्माण में भरपूर लाभ उठाया जाएगा। यह शो हवाई अड्डे के निर्माण के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।