
आर पी डब्लू न्यूज़/राजीव मेहता
आदिबद्री सरस्वती कुंड के जलाभिषेक से आरंभ होगा महोत्सव, पिहोवा धर्मनगरी में 26 जनवरी को मनाया जाएगा एक दिवसीय सरस्वती महोत्सव, स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज होंगे सायं की आरती में शामिल
पिहोवा 17 जनवरी:- हरियाणा सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष धुमन सिंह किरमिच ने मंगलवार को किसान रेस्ट हाऊस के मीटिंग हॉल में उपमंडल पिहोवा के सभी अधिकारियों, विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों की एक बैठक ली। बैठक में उन्होंने 26 जनवरी 2023 को पिहोवा में आयोजित होने वाले एक दिवसीय सरस्वती महोत्सव के प्रबंधों बारे विस्तृत जानकारी ली तथा सभी से अपने सुझाव भी मांगे। इस मौके पर उपमंडल अधिकारी नागरिक पिहोवा सोनू राम ने बैठक की अध्यक्षता की।
उपाध्यक्ष धुमन सिंह किरमिच ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा 2015 से आरंभ किए गए सरस्वती महोत्सव को बसंत पंचमी के अवसर पर धूमधाम से मनाया जाता है। इसी कड़ी में 26 जनवरी 2023 को उपमंडल पिहोवा में एक दिवसीय सरस्वती महोत्सव का आयोजन प्रात: 11 बजे किया जाएगा। सरस्वती महोत्सव का शुभारंभ सरस्वती नदी के उदगम स्थल आदिबद्री के सरस्वती कुंड में देश की विभिन्न नदियों के जलाभिषेक से होगा। सरस्वती महोत्सव के कार्यक्रम का आरंभ प्रात: 11 बजे होगा तथा महोत्सव का समापन सायं 6.15 बजे आरती तथा दीपदान से होगा। सरस्वती महोत्सव में धार्मिक पथप्रदर्शक स्वामी ज्ञानानंद महाराज के सानिध्य में सायं आरती का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात दीपदान कर महोत्सव का समापन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्राचीन समय में सभी ऋषि-मुनियों द्वारा सरस्वती नदी के किनारे बैठ सिद्घि प्राप्त करने के लिए हवन किए जाते थे तथा तपस्या की जाती थी। इसी प्रथा को कायम रखते हुए सरस्वती महोत्सव में 21 कुंडीय यज्ञ का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस बार 11000 दीयों की रोशनी से सरस्वती घाट को रोशन किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सरस्वती महोत्सव के आयोजन में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं आनी चाहिए तथा सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं। शहर में लाईटिंग व्यवस्था तथा सफाई व्यवस्था दुरुस्त रहनी चाहिए। सरस्वती तीर्थ के घाट पर श्रद्घालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आनी चाहिए। सरस्वती घाट पर पहुंचने वाले सभी गेटों पर डायरेक्शन ऐरो होनी चाहिए ताकि बाहर से आने वाले श्रद्घालुओं को कोई दिक्कत न आए।
उपमंडल अधिकारी नागरिक सोनू राम ने कहा कि सरस्वती महोत्सव का आयोजन प्रत्येक वर्ष उपमंडल पिहोवा में किया जाता है। इस बार भी सरस्वती महोत्सव को मनाने में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुुए कहा कि सम्बंधित विभाग समय रहते सारी तैयारियां पूरी कर लें तथा किसी भी प्रकार की कौताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभिन्न स्कूलों तथा कालेज के बच्चों द्वारा सरस्वती महोत्सव में अपनी प्रस्तुति दी जाएगी। विभिन्न स्कूली बच्चों द्वारा सरस्वती पर आधारित चित्र प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त शहर की जानी-मानी संस्थाओं तथा संगठनों द्वारा भी सरस्वती महोत्सव में बढ़-चढ़ कर भागीदारी निभाई जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरस्वती महोत्सव लोगों का अपना महोत्सव है। इसलिए सभी लोग सरस्वती महोत्सव में बढ़-चढ़ का हिस्सा लें तथा महोत्सव की रौनक में चार चांद लगाएं। उन्होंने तैयारियों तथा कार्यक्रमों में बारे में विस्तृत बात करते हुए कहा कि परिक्रमा स्थल तथा हवन स्थल पर सम्बंधित विभाग द्वारा सफाई के साथ-साथ अन्य तैयारियां भी समय पर पूरी कर ली जाएं। महोत्सव स्थल पर सरस्वती से सम्बधित रंगोली बनाई जाए। इसके अतिरिक्त सरस्वती तीर्थ पर मंदिरों को पीले रंग से रोगन किया जाए। सरस्वती तीर्थ घाट पर सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए। बैठक में नगर पालिका सचिव आशीष चक्रपाणि, केडीबी कुरुक्षेत्र चंद्रकांत कटारिया, तहसीलदार प्रिंयका, नगर पालिका सचिव गुलशन कुमार, मार्केट कमेटी सचिव चंद्र सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र गर्ग, विक्रम चक्रपाणि, रामधारी शर्मा, पार्षद सुरेंद्र ढींगरा, युधिष्ठिïर बहल, विकास राणा, गूंज वैलफेयर क्लब से रजत पांचाल, वानर सेवादल, मां सरस्वती युवा संगठन तथा अन्य सभी धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।