
आर पी डब्लू न्यूज़/प्रीति धारा
पंचकुला दिसंबर 25:-हरियाणा के पूर्व उप मुख्यमंत्री चन्द्र मोहन ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ,देश के लोगों को देश की एकता और अखंडता का सकारात्मक संदेश देने में सफल रही है और यही कारण है कि इस भारत जोड़ो यात्रा को सभी वर्गों के लोगों का अपार समर्थन और प्यार मिल रहा है और इसमें उमड़ रही भीड़ को देखकर भारतीय जनता पार्टी की असलियत देश के लोगों के सामने आ गई है ।
इस भारत जोड़ो यात्रा से घबराकर ही भारतीय जनता पार्टी द्वारा एक षड्यंत्र के तहत इस यात्रा को रुकवाने के लिए ओछे हथकंडे अपनाए जा रहे है। इसे रुकवाने के हर संभव कुत्सित प्रयास किये जा रहे हैं।
चन्द्र मोहन ने कहा कि कन्याकुमारी से लेकर जम्मू कश्मीर तक की 3570 किलोमीटर लंबी यह भारत जोड़ो यात्रा आज 110 दिन पूरे कर चुकी है और अब तक 2800 किलोमीटर पैदल चलते हुए राहुल गांधी 8 राज्यों से गुजर कर दिल्ली में प्रवेश कर गई है। इस भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने देश के हर वर्ग के लोगों का विश्वास जीत कर देश में भारतीय जनता पार्टी द्वारा फैलाए गए वैमनस्य और घृणा को दूर करके और समाज में आपसी सदभाव और सहयोग की अनूठी मिसाल कायम की है। उन्होंने समाज में फैली कटुता के कुचक्र को समाप्त करने के साथ साथ लोगों में एक नया जोश और उत्साह पैदा करते हुए लोगों को देश की वास्तविकता से अवगत करवाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने कभी कल्पना भी नहीं की होगी कि एक तपस्वी की भांति सड़कों पर पैदल चलते हुए राहुल गांधी के देश के प्रति त्याग की भावना से प्रेरित होकर देश की जनता राहुल गांधी के कदमों के साथ कदम से कदम मिलाकर निकल पड़ेगें। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने अपना जनाधार खिसकते देखकर जिस प्रकार से एक षड्यंत्र के तहत कोविड के नाम पर इस यात्रा को रुकवाने का प्रयास किया है उससे यह साबित हो गया है और भारतीय जनता पार्टी देश में हो रहे घोटाले, बेरोजगारी, महंगाई, विकास में पक्षपात को लेकर उठी आवाज़ को दबाकर अपनी महत्वाकांक्षा को पूरा करना चाहती है।
पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा मेवात और फरीदाबाद में तीन दिन तक चली भारत जोड़ो यात्रा के दौरान जिस प्रकार से राहुल गांधी की सकारात्मक सोच को जानने के लिए लोगों का उमड़े जनसैलाब से इस बात का सहज रूप से ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि लोग अब भारतीय जनता पार्टी के चाल चरित्र और चेहरे को भली भांति पहचान गए हैं और इसी लिए कहा गया है और काठ की हांडी बार बार नहीं चढ़ती है। लोगों ने भारतीय जनता पार्टी को मौका देकर देख लिया है और वह लोगों की आशाओं और आकांक्षाओं पर खरी नहीं उतरी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जिस प्रकार से विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद कर रहे हैं उससे राहुल गांधी को हरियाणा प्रदेश में चल रहे कुशासन और भ्रष्टाचार के मामले में भी अवगत कराया गया और इसके साथ ही दक्षिण हरियाणा के लोगों ने भी अरावली में सरकार के संरक्षण में चल रहे अवैध खनन के बारे में भी अवगत करवाया गया है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की सड़कों पर पहली बार इतना हजूम उमड़ा जनसैलाब जिसके बारे में कांग्रेस पार्टी ने कभी सोचा भी नहीं होगा और यह सब इस लिए संभव हो पाया है कि दिल्ली के लोग भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी के खोखले वायदों और कुशासन से उब चुके हैं और अब उन्हें कांग्रेस पार्टी में ही एक उम्मीद की किरण दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने जिस प्रकार से इस भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से सर्वधर्म समभाव की परिकल्पना को मूर्त रूप दिया है उससे निश्चित रूप से आने वाला समय भारतीय जनता पार्टी के लिए बड़ा ही कष्टदाई होने वाला है। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि इस यात्रा के पूर्ण होने पर देश में एक नए युग का सूत्रपात होगा जिसको यह देश बड़ी आशा भरी निगाहों से देख रहा है।