
आर पी डब्लू न्यूज़/राजीव मेहता

यमुनानगर, 27 दिसंबर :-गन्ने का भाव 4 सौ 50 प्रति क्विंटल की मांग को लेकर मंगलवार को भारतीय किसान संघ हरियाणा ने अनाज मंडी गेट पर धरना प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री का पुतला फूंका और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
इसके बाद जिला उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल हरियाणा के नाम ज्ञापन सौंपा।
प्रदेश महामंत्री रामवीर सिंह चौहान और जिला अध्यक्ष पिंटू राणा ने कहा कि लम्बे समय से किसान संघ फसल की लागत के आधार पर लाभकारी मूल्य की मांग करता आ रहा है। लेकिन सरकार इसको लेकर गंभीर नहीं दिखती है। उन्होंने कहा कि वहीं हरियाणा सरकार ने इस सीजन में गन्ने के मूल्य में वृद्धि न करके किसानों के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि गन्ने की बढ़ी हुई लागत को देखते हुए भारतीय किसान संघ गन्ने का भाव 4 सौ 50 रूपये प्रति क्विंटल करने की मांग करता है। क्योंकि पिछले कई सालों से गन्ने की लागत लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि गन्ने में उपयोग होने वाली रसायनिक दवाई, डीजल , खाद और मजदूरी के भाव डेढ़ गुना हो चुके है और किसान को पूरे साल मेहनत करने के बाद भी कुछ नहीं मिलता। जिस वजह से किसान घाटे की खेती कर रहा है। किसान अपने रोजमर्रा के खर्चे भी पूरे नहीं निकाल पाता। जिससे किसान की आर्थिक हालात अति खराब है। और हरियाणा सरकार किसानों का शोषण करने में नंबर वन बन चुकी है। जो सरकार किसान हितैषी होने का दावा करती है। आज वही सरकार किसानों का शोषण कर रही है। किसानों को आभास हो चुका है कि यह सरकार घोर किसान विरोधी सरकार है। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान संघ हरियाणा राज्यपाल से मांग करता है कि गन्ने के भाव को लेकर वे सरकार को तुरंत आदेश देकर गन्ने के मूल्य में वृद्धि कराए।
उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही गन्ने के मूल्य में वृद्धि नही की गई तो हम प्रदेश की सभी 14 शुगर मिलों को बंद कर देंगे और गन्ना मिल में नही पहुंचने देंगे और ग्राम बंद भी किया जाएगा। इसके बाद उग्र प्रदर्शन करने के लिए भी हम बाध्य होगे। और इसकी सारी जिम्मेदारी सरकार व प्रशासन की होगी।
इस मौके पर राजेंद्र सिंह अमादलपुर, राम कुमार जिला उपाध्यक्ष, सुरेश राणा जिला उपाध्यक्ष, पंडित लखमीचंद,मदन, भगत जी,जोगिंद्र मारूपुर,वासुदेव, राजदीप , महावीर सिंह,रमेश, रामपाल,रणदीप राणा सहित बड़ी संख्या में किसान शामिल रहें।