
आर पी डब्लू न्यूज़/राजीव मेहता

यमुनानगर, 14 अप्रैल:- यमुनानगर हरियाणा के यौन हिंसा आरोपी मन्त्री संदीप सिंह को मंत्रीमंडल व हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष पद से हटाने की मांग को लेकर जनवादी महिला समिति द्वारा नई अनाज मंडी में डीसी ऑफिस के सामने सामुहिक उपवास रखा गया। मौके पर सभी कार्यकर्ताओं ने डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती से पहले उनकी फोटो पर पुष्पमाला अर्पित कर उनके विचारों पर चर्चा कर उन्हें याद किया। अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की जिला प्रधान राजेश्वरी और जिला कैशियर सोमवती ने कहा कि 29 दिसंबर 2022 को जब से यह मामला मीडिया के माध्यम से प्रकाश में आया, तबसे न्याय संघर्ष समिति के बैनर तले हरियाणा भर में यौन हिंसा के आरोपी मंत्री संदीप सिंह की बर्खास्तगी एवं गिरफ्तारी की मांग को लेकर आंदोलन चल रहा है। मंत्री के खिलाफ गैर जमानती धाराओं में एफआईआर दर्ज हुए 104 दिन हो गए हैं परंतु अब तक चंडीगढ़ पुलिस द्वारा चालान पेश नहीं किया गया है। भाजपा सरकार ने आरोपी मंत्री संदीप सिंह को ना तो मंत्रिमंडल से हटाया है और ना ही गिरफ्तारी की है। चंडीगढ़ पुलिस ने मंत्री संदीप सिंह की ब्रेन मैपिंग के लिए चंडीगढ़ कोर्ट में याचिका दाखिल की है। जिसकी 13 अप्रैल को कोर्ट में सुनवाई है। इस पूरे मामले में भाजपा सरकार मंत्री संदीप सिंह को बचाने के लिए हर औछा हथकंडा अपना रही है। दुसरी तरफ पीड़िता व उसके परिवार को यातनाएं देने में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही। यहां तक कि पिछले दिनों पीड़िता को रास्ते में रोककर जान से मारने की धमकी भी दी गई।

पीड़िता ने अपने बयानों में साफ-साफ कहा है कि मंत्री संदीप सिंह ने उसके कपड़े फाड़े और बलात्कार करने की कोशिश की। इसके बावजूद एफआईआर में बलात्कार के प्रयास की धारा नहीं जोड़ी गई है। सत्तासीन भाजपा सरकार और पूरी सरकारी मशीनरी पीड़ित महिला को न्याय सुनिश्चित करने की बजाय यौन हिंसा आरोपी मंत्री संदीप सिंह को बचाने में लगी हुई है।भाजपा सरकार व प्रशासनिक मशीनरी के महिला विरोधी रवैये के खिलाफ जनवादी महिला समिति की सदस्य राजेश्वरी,सुनीता करहेड़ा,सोमवती,मीनाक्षी शर्मा,देववती व सीतो देवी ने एक दिन का उपवास रखा। किसान सभा के जिला प्रधान जरनैल सिंह सांगवान,सचिव महिपाल चमरोड़ी,कॉमरेड अजमेर सिंह,प्यारे लाल,रिटायर्ड संघ से राजबीर पिण्डोरा,जरनैल सिंह चनालिया,सुरजीत सिंह,रोशन सीटू जिला सचिव शरबती देवी व नीलम भट्टी ने जूस पिलाकर अनशन खुलवाया।